भाजपा ने किया लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान का आगाज
सिरोही 30 अक्टूबर। राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि कांग्रेस सहित विपक्षी दल जनादेश का अपमान कर संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रहे हैं यह लोकतंत्र पर प्रहार और देश को अराजकता की ओर धकेलने का प्रयास है। वे शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में बोल रहे थे। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के कथित झूठ और दुष्प्रचार को उजागर करने के लिए भाजपा ने 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान शुरू किया है।
मतदाता सूची की शुद्धता एसआईआर का उद्देश्य
राज्यमंत्री देवासी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का उद्देश्य मतदाता सूचियों को शुद्ध करना है। मृत, स्थान बदल चुके, दो जगह दर्ज और भारतीय नागरिक नहीं होने वाले व्यक्तियों के नामों की जांच जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश में पहले भी 12 बार एसआईआर हो चुका है, जिनमें 10 बार कांग्रेस की सरकार थी। उनके अनुसार, 24 जून 2025 से अब तक करीब 2.37 करोड़ नए युवा मतदाताओं के नाम जुड़े हैं और सूची में 17.38 करोड़ युवा मतदाता हैं। हर महीने लगभग 20 लाख युवा जुड़ रहे हैं।
नाम हटाने के आरोपों को बताया भ्रामक
उन्होंने कहा कि 13 करोड़ नाम काटने का दावा विपक्ष का दुष्प्रचार है। दो दशक से अधिक समय बाद हुए पुनरीक्षण में 2.80 करोड़ मृत मतदाता, 6.3 करोड़ स्थान बदल चुके मतदाता, एक करोड़ दो जगह दर्ज नाम और तीन करोड़ ऐसे मतदाता चिह्नित किए गए, जिनकी जानकारी नहीं मिली। उन्होंने स्पष्ट किया कि नाम हटाने के बजाय इन्हें चिह्नित किया गया है। 20 लाख से अधिक बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) और राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) प्रक्रिया में शामिल हैं। मतदाता सूची में नाम जोड़ने या हटाने के लिए दावा, आपत्ति और अपील की कानूनी व्यवस्था है।
हार पर वोट चोरी, जीत पर जनादेश कैसे?
देवासी ने कहा कि लोकतंत्र में सवाल उठाने की स्वतंत्रता है, लेकिन हिंसा, तोड़फोड़ और सार्वजनिक जीवन बाधित करने की अनुमति नहीं है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए अब वर्ष में चार अवसर- 1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर मिलते हैं। कांग्रेस एक राज्य में हार को वोट चोरी और जीत को जनादेश कैसे मान सकती है? सूची तैयार करने में सरकारी अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की भूमिका रहती है।
राज्यमंत्री देवासी ने कहा कि क्या कांग्रेस विदेशी घुसपैठियों, मृतकों और स्थान बदल चुके मतदाताओं के नाम सूची में बनाए रखना चाहती है? उन्होंने चीन के साथ कांग्रेस के कथित समझौते, अराजक संगठनों के साथ कथित रेड-ग्रीन गठजोड़ में नाम आने और पूर्व में हुए एसआईआर पर कांग्रेस का रुख स्पष्ट करने की मांग की।
इस दौरान प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नारायण देवासी, जिला मीडिया प्रभारी रोहित खत्री, जिला उपाध्यक्ष हेमलता पुरोहित, मंडल अध्यक्ष चिराग रावल, प्रताप परमार, शैतानसिंह सहित पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
if you have any suggestion regarding our news or news portal Please let us know with your comment